जोरापोखर में बीसीसीएल कर्मचारी साख सहयोग समिति की वार्षिक आमसभा, ऋण व मेडिकल सुविधा में बड़ी बढ़ोतरी

#कोल_सिटी_न्यूज़#जोरापोखर (#काजल_राय):-

जोरापोखर स्थित बीसीसीएल जेलगोड़ा अतिथि गृह में भारत कोकिंग कोल कर्मचारी साख सहयोग समिति की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संस्थापक ए. आर. नारायण की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सभा की अध्यक्षता अमरजीत यादव ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी सलाउद्दीन अंसारी ने निभाई।

सभा में सचिव धर्मेंद्र राय ने सदस्यों के समक्ष वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में समिति को 86 लाख 10 हजार 300 रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, वहीं 2024-25 में यह लाभ बढ़कर 1 करोड़ 50 लाख 59 हजार रुपये तक पहुंच गया। समिति की कुल कार्यशील पूंजी वर्तमान में 1 अरब 1 करोड़ 99 लाख रुपये है।

सदस्यों की मांग पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। पूर्व में अधिकतम 5 लाख रुपये की ऋण सीमा को बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया गया। मेडिकल सुविधा की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दी गई। मासिक अंशदान की अवधि 45 माह से बढ़ाकर 50 माह की गई, जबकि सावधि जमा की राशि 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह निर्धारित की गई। इसके साथ ही अनुबंध के आधार पर नियोजन में सदस्यों के आश्रितों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया, जिसमें कंप्यूटर ज्ञान के आधार पर चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी घनश्याम मंडल एवं कार्तिक उरांव की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनामिका कुमारी, भिखनी देवी, स्मिता कुमारी, शालिनी सलोनी कुजूर, रानी गोस्वामी, राज कुमार यादव, मनोज कुमार पासवान, अशोक कुमार वर्मा, पशुपति नाथ, राजू गोप, प्रभात सिंह सहित समिति के कई सदस्यों का अहम योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

#Jorapokhar#BCCL#EmployeeCreditCooperative#AnnualGeneralMeeting#CooperativeSociety#BCCLNews#Dhanbad#Jharkhand#CoalBelt#LocalNews

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *