धनबाद मेयर चुनाव 2026: संजीव सिंह ने जताई दावेदारी, प्रदेश अध्यक्ष को भेजा पत्र

#कोल_सिटी_न्यूज़#धनबाद :- धनबाद नगर निगम चुनाव–2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य संजीव सिंह ने मेयर प्रत्याशी बनने की इच्छा जताते हुए भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र भेजकर अपनी दावेदारी पेश की है।

पत्र में संजीव सिंह ने स्वयं को पार्टी का निष्ठावान, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वे संगठन, विचारधारा और राष्ट्रसेवा के प्रति शुरू से प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वे धनबाद नगर के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका परिवार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रहे, जबकि माता कुंती देवी भी दो बार विधायक रह चुकी हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा से विधायक के रूप में जनसेवा कर रही हैं।

संजीव सिंह ने यह भी बताया कि वे वर्तमान में बीसीसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों के हित, अधिकार और सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, जिससे उन्हें जमीनी स्तर की समस्याओं की गहरी समझ है।पत्र के माध्यम से उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि वे संगठन के हर निर्णय और निर्देश का पालन करने के लिए सदैव तैयार रहेंगे।संजीव सिंह की दावेदारी सामने आने के बाद धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

@coalcitynewz #coalcitynewz#DhanbadMayorElection2026#SanjeevSingh#MayorCandidacy#BJPJharkhand#Dhanbad#DhanbadMunicipalCorporation#MunicipalElection#JharkhandPolitics

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *